यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की आज बिहार में दो चुनावी सभाएं, तैयारी पूरी
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवा झंडों और होर्डिंग्स से सजा दिया है।;
पटना। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की आज बिहार में दो चुनावी सभाएं होंगी। भाजपा ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है। पटना से वह चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे दानापुर क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है।
पटना और दूसरी सभा सहरसा में होगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता भी हैं। उनकी टीआरपी आज अन्य नेताओं के मुकाबले बहुत ज्यादा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एनडीए के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। पहली सभा पटना और दूसरी सभा सहरसा में होगी। दानापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रामकृपाल यादव के नामांकन में शामिल होने आ रहे हैं। इसके बाद वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे
योगी आदित्य नाथ सहरसा जाएंगे। वहां भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन के नामंकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां भी सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी के आने की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवा झंडों और होर्डिंग्स से सजा दिया है। योगी आदित्यनाथ का यह चुनावी दौरा भाजपा के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि योगी आदित्यनाथ का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर देगा।