बिहार में 32 जिलों में येलो अलर्ट जारी! वज्रपात का खतरा एवं कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका...

मौसम विभाग ने आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।;

By :  Aryan
Update: 2025-09-19 06:31 GMT

पटना। बिहार में मानसून की सक्रियता अब तक बनी हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज राज्य के 32 जिलों में गरज के साथ बारिश होगी, इस वजह से येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। विभाग के अनुसार कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी जबकि सीमांचल और उत्तर बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने का खतरा है।

मौसम विभाग ने दी जानकारी

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले दो से चार दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। शिवहर, कटिहार,मधेपुरा किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी और सीमांचल में बारिश का असर सबसे अधिक होगा। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जैसे जिलों में भारी बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। दरभंगा, सहरसा, समस्तीपुर, वैशाली, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई जैसे जिलों में भी लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।

पटना और गया जैसे दक्षिण बिहार के शहरों में बारिश हल्की रहेगी लेकिन उमस से राहत मिलने की संभावना है। तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान जहां 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री तक गिर सकता है।

किसानों के लिए यह बरसात फायदेमंद

हालांकि इस बारिश का प्रभाव किसानों के लिए फायदेमंद है क्योंकि धान और मक्का जैसी फसलों को इससे लाभ होगा। वहीं दूसरी तरफ बाढ़ की आशंका भी बढ़ गई है। बिहार का अधिकांश इलाके पहले से ही जलजमाव और नदी के उफान की समस्या झेल रहा है। गांवों में लोग किसी तरह से जिंदगी गुजार रहे हैं। लगातार हुई बारिश ने उनके संकट को गहरा कर दिया है। मौसम विभाग ने आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। 

Tags:    

Similar News