67 साल का इंतजार खत्म! जम्मू-कश्मीर ने पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब, जानें कौन रहा जीत का हीरो
तेज गेंदबाज आकिब नबी इस पूरी जीत के सबसे बड़े नायक रहे। उन्होंने न केवल फाइनल में बल्कि पूरे सीजन में अपनी गेंदबाजी से तबाही मचाई।
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने आज इतिहास रच दिया है। दरअसल टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। बता दें कि 67 साल के लंबे इंतजार के बाद, टीम ने फाइनल में 8 बार की चैंपियन कर्नाटक को पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर हराकर यह गौरव हासिल किया।
एकतरफा था मुकाबला
जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने मैच को एकतरफा कर दिया। मैच में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में कर्नाटक की टीम सिर्फ 293 रन पर सिमट गई. दूसरी पारी में भी जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने शानदार लय बरकरार रखी। कामरान इकबाल ने 160 रन की बेहतरीन पारी खेली, वहीं साहिल ने भी शतक जड़कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। दूसरी पारी के बाद टीम की कुल बढ़त 630 रन से ज्यादा हो गई, जिससे मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया और अंत में मैच का ड्रॉ करने का फैसला लिया गया।
आकिब नबी रहे जीत के हीरो
तेज गेंदबाज आकिब नबी इस पूरी जीत के सबसे बड़े नायक रहे। उन्होंने न केवल फाइनल में बल्कि पूरे सीजन में अपनी गेंदबाजी से तबाही मचाई। आकिब ने कर्नाटक की पहली पारी में 5/54 का शानदार स्पेल डाला, जिससे विपक्षी टीम 293 रनों पर सिमट गई। वह इस रणजी सीजन (2025-26) में सबसे ज्यादा 60 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। आकिब एक सीजन में 60 विकेट लेने वाले रणजी इतिहास के केवल तीसरे तेज गेंदबाज बने हैं। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया।