बिहार का एक ऐसा जिला जहां नारी शक्ति ने रचा इतिहास! जिले के चार टॉप पोस्ट पर हैं महिला तैनात...
जिले में सांसद, विधायक, एमएलसी और जिला पदाधिकारी की कमान महिलाओं के हाथों में हैं।;
पटना। बिहार के शिवहर जिले ने इस बार एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज किया है। इस विषय पर पूरे बिहार चर्चा में हो रही है। दरअसल इस जिले में चारों उच्च पदों पर महिलाएं हैं। बता दें कि शिवहर जिले में सांसद, विधायक, एमएलसी और जिला पदाधिकारी की कमान महिलाओं के हाथों में हैं। गौरतलब है कि बिहार में ऐसा पहली बार हुआ है, जब महिला नेतृत्व मजबूती से उभरते हुए अपना दबदबा कायम कर रही हैं।
इन शीर्ष पदों पर हैं शिवहर की महिलाएं
दरअसल लोकसभा में शिवहर का प्रतिनिधित्व सांसद लवली आनंद कर रही हैं। एमएलसी पद पर रेखा कुमारी जिम्मेदारी संभाल रही हैं, वहीं शिवहर विधानसभा सीट से पहली बार निर्वाचित हुईं डॉ. श्वेता गुप्ता ने राजनीति में कदम रखा है। इसके साथ ही जिले की पहली महिला जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की कार्यशैली से प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शिता आई है। इन मुख्य पदों पर महिलाओं की यह कमान शिवहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी
इस अनोखे संयोजन के बाद आम लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला नेतृत्व के वजह से जिले में काफी अच्छा बदलाव है। प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता बढ़ी है, योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। जनसुनवाई सही तरीके से हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि शिवहर के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि यह महिला नेतृत्व आने वाले समय में जिले को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।