National Space Day पर नेहरू तारामंडल में शानदार कार्यक्रम! अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने लिया हिस्सा, ‘आर्यभट्ट गैलरी’ का किया उद्घाटन
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित नेहरू तारामंडल राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर एक शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं इस कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी पहुंचे। शुक्ला ने यहां ‘आर्यभट्ट गैलरी’ का उद्घाटन किया। यह गैलरी भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट की स्मृति और देश की अंतरिक्ष यात्रा को समर्पित है।
भारत विश्व भर के लिए उपग्रह प्रक्षेपण कर रहा है
बता दें कि इस दौरान शुभांशु शुक्ला ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे देश के लिए स्वर्णिम समय है। भारत आज अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक वैश्विक शक्ति बनकर उभर रहा है। हमारे पास बहुत महत्वाकांक्षी सपने हैं, और इन्हें साकार करने के लिए हम सभी की आवश्यकता होगी। मैं बहुत उत्साहित हूं और चाहता हूं कि आप सभी मेरे साथ इस उत्साह में भागीदार बनें। वहीं उन्होंने आगे कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत न केवल अपने देश के लिए बल्कि विश्व भर के लिए उपग्रह प्रक्षेपण कर रहा है।
अंतरिक्ष केवल वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं है
हालांकि शुभांशु शुक्ला ने आगे कहा कि गगनयान मिशन सौर मिशन 'आदित्य-एल1', और चंद्रयान-3 जैसे अभियान इस बात का प्रमाण हैं कि हम अब आत्मनिर्भर और अग्रणी अंतरिक्ष राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरिक्ष केवल वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अब इंजीनियरिंग, डिजाइन, डेटा साइंस, सॉफ्टवेयर और मैनेजमेंट जैसे कई क्षेत्रों के लिए भी अवसर मौजूद हैं।
क्या है आर्यभट्ट गैलरी
गैलरी का उद्देश्य स्कूली और कॉलेज के छात्रों को अंतरिक्ष अनुसंधान की तरफ आकर्षित करना और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है।
नई शुरू की गई यह गैलरी अंतरिक्ष विज्ञान, खगोलशास्त्र और भारत के ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशनों की झलक देती है।
भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट से जुड़ी दुर्लभ जानकारियां और चित्र
इसरो के ऐतिहासिक मिशन - चंद्रयान, मंगलयान, और गगनयान से जुड़े मॉडल और प्रदर्शनी।
इंटरएक्टिव डिस्प्ले, डिजिटल सिमुलेशन, और बच्चों के लिए शैक्षणिक गेम्स शामिल हैं।