सोनभद्र में मिट्टी का टीला ढहने से हुआ बड़ा हादसा, तीन महिलाओं की मौत, कई के दबे होने की आशंका
सोनभद्र। यूपी के सोनभद्र जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में आज बड़ा हादसा हो गया है। जिसकी वजह से तीन महिलाओं की जान चली गई। दरअसल, मिट्टी की खोदाई करते समय मिट्टी का टीला ढहने से कई लोग उसमें दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को निकलने का प्रयास शुरू किया। हालांकि अन्य की तलाश जारी है।
एक महिला फूलकुमारी गंभीर रूप से जख्मी
बता दें कि जेसीबी की मदद से काफी प्रयास के बाद मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सदिकुनिषा (35) निवासी बडहोर थाना बभनी, अमीषा खातून (35) निवासी किरवानी, सीता (30) निवासी किरवानी के रूप में हुई। बचाव कार्य जारी है। एक अन्य महिला फूलकुमारी गंभीर रूप से जख्मी है।
बचाव कार्य जारी
दरअसल, ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग सफेद मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। यही मिट्टी लाने के लिए कुछ बच्चे-महिलाएं किरवानी गांव के जंगल में गए थे। मिट्टी खोदते हुए वह लोग सुरंग बनाकर टीले के काफी नीचे चले गए। इसी दौरान अचानक टीला (ढीहा) ढह गया। अंदर खोदाई कर रही महिलाएं मलबे में दब गईं। साथ गए लोगों की चीख-पुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।