पुलिस गिरफ्तार करने आएगी तो हम..., जानें क्या है अविमुक्तेश्वरानंद की योजना?
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने उक्त सीडी को सार्वजनिक करने की मांग की है
वाराणसी। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया है कि एक तरफ पुलिस की जांच शुरू हो गई है तो वहीं दूसरी तरफ शंकराचार्य ने कई अहम मुद्दे उठाए हैं। शंकराचार्य ने यह भी मांग की है कि जिस सीडी के बारे में बात की जा रही है उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता है।
पुलिस अरेस्ट करने आएगी तो उनका विरोध नहीं करूंगा
शंकराचार्य ने वाराणसी में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यदि पुलिस हमें अरेस्ट करने के लिए एक्शन लेगी, तो हम उनका विरोध नहीं करेंगे। हम इसमें सहयोग करेंगे। लेकिन जनता सब देख रही है। झूठ आखिर में सामने आएगा ही, कहानी झूठी साबित होगी, आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों। हम आपके कैमरों की पहुंच में थे।
प्रयागराज में सीसीटीवी हर जगह लगा है
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं। उन्होंने उन्हें हर जगह इसलिए लगाया था, ताकि अगर कुछ भी हो, तो वे वॉर रूम से मॉनिटर कर सकें और उनके पास सब कुछ रिकॉर्ड हो जाए। हमारी बस हमारे कैंप के अंदर पार्क नहीं थी, क्योंकि हमारे साथ पुलिस की बेरहमी से पेश आई थी, हम अंदर नहीं घुसे थे। यह सब कुछ CCTV में कैप्चर हो गया है। वे लड़के कभी हमारे गुरुकुल में नहीं घुसे, कभी पढ़े नहीं, और हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। वो हरदोई के एक स्कूल के स्टूडेंट हैं, जैसा कि केस में जमा की गई उनकी मार्कशीट से पता चलता है।
सीडी को लेकर दिया बयान
सीडी वाले सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि वे यह कहकर कन्फ्यूजन फैला रहे हैं, 'एक CD है' तो इसे इसे पब्लिक के सामने क्यों नहीं लाया जा रहा है?' ये सभी सवाल आने वाले दिनों में पूछे जाएंगे और उन्हें इनका जवाब देना होगा। वे खुद को हिंदू कह रहे हैं, लेकिन वे हिंदुओं के खिलाफ काम कर रहे हैं।