मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा! एअर इंडिया और इंडिगो के पंख आपस में टकराए, जानें कैसे हुआ हादसा

Update: 2026-02-03 17:32 GMT

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार यहां बड़ा विमान हादसा टल गया है। दरअसल, दो विमान के पंख आपस में टकरा गए। एअर इंडिया का विमान रनवे से पुशबैक कर रहा था उसी दौरान लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा इंडिगो का विमान उसके करीब आ गया और दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए।

DGCA के अधिकारी मौको पर पहुंचे

घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से दोनों विमानों को ग्राउंड कर दिया गया है फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद एयरपोर्ट ऑपरेशंस पर कुछ समय के लिए असर पड़ा। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AI2732 (A320, VT-TYF) उड़ान भरने के लिए C1 से M4 की ओर टैक्सी कर रही थी। उसी समय इंडिगो का A320 विमान (VT-IFV) लैंडिंग के बाद B1 टैक्सीवे से जुड़ रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के दाहिने पंखों के सिरे टकरा गए। DGCA के मुंबई कार्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच जारी है।

सभी यात्री सुरक्षित

इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि 3 फरवरी 2026 को हैदराबाद से मुंबई जाने वाली हमारी फ्लाइट 6E 791 के एक विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय, दूसरी एयरलाइन के एक विमान से टकरा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद उतर गए। एयरक्राफ्ट का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन किया जा रहा है। प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टेक-ऑफ से पहले पुशबैक की प्रक्रिया में थी। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 हैदराबाद से मुंबई पहुंची थी। एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दोनों विमानों के पंखों के सिरे आपस में छू गए, जिससे एयर इंडिया के विमान के पंख को नुकसान पहुंचा। 

Tags:    

Similar News