सूट-सलवार पहनी महिला को दिल्ली के पीतमपुरा स्थित टुबाटा रेस्टोरेंट में नहीं दी एंट्री... दिल्ली सरकार ने दिया जांच का आदेश
अगर हमारी राष्ट्रपति आ जाएं, तो उनको भी यहां रोक दिया जाएगा;
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक रेस्टोरेंट में पति-पत्नी को अंदर आने से रोक दिया गया। महिला भारतीय परिधान सलवार-सूट पहनी हुई थी जिस वजह से रेस्टोरेंट में एंट्री नहीं दी गई।
दिल्ली सरकार ने तुरंत एक्शन लिया
दिल्ली के पीतमपुरा स्थित टुबाटा रेस्टोरेंट के वीडियो वायरल होने पर दिल्ली सरकार द्वारा तुरंत एक्शन ले लिया गया है। सरकार ने इस घटना को गंभीरता से संज्ञान में लिया है, इसके साथ ही अधिकारियों को इस घटना की जांच के साथ तुरंत कार्यवाही का निर्देश दिया है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा
इस घटना को लेकर कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह दिल्ली में अस्वीकार्य है। आगे उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट के संचालकों ने स्वीकार कर लिया है कि परिधान आधारित कोई प्रतिबंध अब नहीं लगाएंगे। दिल्ली के पीतमपुरा से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल, वीडियो में एक महिला अपने पति के साथ एक रेस्टोरेंट के रिसेप्शन पर खड़ी है। जिन्हें सलवार-सूट पहनने पर रेस्टोरेंट में जाने की अनुमति नहीं दी गई।
भारतीय परिधान महिला की बेइज्जती की गई
वीडियो में आवाज आ रही थी कि यहां के स्टाफ ने इंडियन कल्चर और एक महिला की बेइज्जती की है। क्या इंडियन कल्चर के कपड़े पहनना खराब है। ऐसे रेस्टोरेंट को बंद किया जाना चाहिए। जो रेस्टोरेंट हमारे कल्चर के खिलाफ है, उसको नहीं चलने दिया जा सकता है। अगर हमारी राष्ट्रपति आ जाएं, तो उनको भी यहां रोक दिया जाएगा। इन कपड़ों में क्या समस्या है। ऐसे रेस्टोरेंट को हिंदुस्तान में होना ही नहीं चाहिए।