पूर्व सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे और राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित, झारखंड में तीन दिन का शोक

81 वर्षीय शिबू सोरेन का सोमवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया है, वे एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे।;

Update: 2025-08-04 07:05 GMT

नई दिल्ली। संसद की कार्यवाही शुरू होने के साथ राज्यसभा में सबसे पहले झारखंड के पूर्व सीएम और पूर्व सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि दिशोम गुरु के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और सोमवार सुबह उनका निधन हो गया। उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने उनके निधन की जानकारी दी। वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर राज्य में तीन दिन का शोक रखा गया है।

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित

बता दें कि लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित हो गई है जबकि राज्यसभा की कार्यवाही शुरु होने के बाद सबसे पहले पूर्व सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। 81 वर्षीय शिबू सोरेन का सोमवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया है, वे एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे।

SIR बहुत बड़ा मुद्दा है

दरअसल, संसद के मानसून सत्र का आज 11वां दिन है। पिछले 10 दिनों में सदन की कार्यवाही ज्यादातर हंगामे के भेंट ही चढ़ी है। मानसून सत्र राजनीतिक टकराव का केंद्र बना हुआ है। वहीं विपक्ष एसआईआर समेत मुद्दों पर बहस को लेकर अड़ा हुआ है। इस बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि SIR बहुत बड़ा मुद्दा है और सरकार को इसपर चर्चा करनी चाहिए। चर्चा करें और आगे बढ़ें।

Tags:    

Similar News