मृणाल ठाकुर को बॉडी शेमिंग और ट्रोलिंग से निपटने के लिए अक्षय कुमार ने दी ये सलाह! कहा-सर के शब्दों ने मुझ पर गहरा असर छोड़ा

Update: 2026-02-24 14:00 GMT

मुंबई। मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ को लेकर सुर्खियों में हैं। वहीं इस फिल्म से अभिनेत्री को काफी उम्मीद थी लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रही है। हालांकि इस बीच अब मृणाल ने बॉडी शेमिंग और ट्रोलिंग जैसे मुद्दों को लेकर बात की। साथ ही उन्होंने अक्षय कुमार की उस सलाह को भी याद किया, जिसने उनकी काफी मदद की।


दरअसल, मृणाल ठाकुर ने सुदंरता के कथित मानकों और बॉडी शेमिंग को लेकर कहा कि मेरे भी ऐसे दिन थे, जब मैं रोते-रोते सो जाती थी। सूजी हुई आंखों के साथ उठती थी और खुद से कहती थी कि यह सब बेकार है। ऐसी फीलिंग्स पर काबू पाने के लिए काफी हिम्मत की जरूरत होती है।


खासकर ऐसे माहौल में जहां हमेशा समर्थन नहीं मिलता। एक युवा फैन से मुलाकात को याद करते हुए मृणाल ने बताया कैसे उसने उन्हें खुद के बारे में फिर से सोचने के लिए मजबूर किया। उस फैन ने मृणाल की सुंदरता की तारीफ की, उनके फिगर की प्रशंसा की। तब उन्हें एहसास हुआ कि वो जैसी हैं, अच्छी हैं।


उन्होंने कहा कि क्योंकि तब तक वो खुद अपने शरीर से खुश नहीं थीं। उस वक्त उन्हें एहसास हुआ कि दूसरों को देखने और उनके जैसा होने की बजाय, खुद को स्वीकार करना और उससे खुश होना कितना जरूरी है।


मृणाल ने अपने आत्मविश्वास को बढ़ाने में अभिनेता अक्षय कुमार का भी योगदान बताया। अक्षय की सलाह को याद करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि मैं अक्षय सर से मिली थी और उन्होंने जो कहा वह बहुत ही सुंदर था। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि तुमने अपने इस रूप को स्वीकार कर लिया है।


यह बहुत अच्छी बात है कि तुम अपने आस-पास की उन बातों पर ध्यान नहीं देती जो तुम्हें उकसाती हैं। तुम वही करती हो जो तुम्हें सही लगता है। लेकिन अगर किसी किरदार के लिए तुम्हें अपने अभिनय में कटौती करनी पड़े, तो ऐसा करो। अक्षय सर के इन शब्दों ने मुझ पर गहरा असर छोड़ा।

Tags:    

Similar News