BIHAR: कटिहार में बस और पिकअप की जोरदार टक्कर! 10 की मौत, 25 घायल, जानें कैसे हुआ भयावह हादसा

Update: 2026-04-11 16:31 GMT

कटिहार। बिहार के कटिहार से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के NH-31 पर हुए भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल

जानकारी के अनुसार, फुलवरिया और बसगढ़ा के बीच NH-31 पर तेज रफ्तार बस और यात्रियों से भरी पिकअप के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं इस हादसे में जान गंवाने वालों में कई महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा इलाके के रहने वाले थे, जो मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे।

20 की हालत गंभीर

बताया जा रहा है कि हरदा से पूर्णिया जा रही बस का चालक नशे की हालत में था और रास्ते में पहले भी एक-दो जगह टक्कर मार चुका था। जैसे ही बस दातपुर मुसहरी चौक के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास से गुजर रही दो बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि हादसे में घायल हुए लोगों में से करीब 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। 

पुलिस ने क्या बताया?

मामले में कटिहार पुलिस का कहना है कि कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें अब तक 10 व्यक्तियों की दुखद मृत्यु हुई है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। दुर्घटना में घायल लगभग 25 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज हेतु नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है। अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

तेजस्वी यादव ने व्यक्त की संवेदना

RJD नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कटिहार में बस और पिकअप की टक्कर से हुए भयावह सड़क हादसे की खबर दिल दहला देने वाली और दुखद है। इस दुखद घटना में 10 लोगों की असमय मृत्यु ने मुझे गहरा व्यथित कर दिया है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति मिले। प्रशासन को प्रभावित परिवारों और घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए और घायलों के तत्काल और उचित उपचार की व्यवस्था करनी चाहिए। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों का शीघ्र स्वस्थ होना सुनिश्चित हो।

Tags:    

Similar News