WEATHER UPDATE: अब गर्मी का दौर होगा शुरू! रविवार से पारा करेगा जंप, सप्ताह भर में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार
नई दिल्ली। दिल्ली-NCR समेत उत्तर-पश्चिम भारत में रविवार को तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 37°C तक पहुंच सकता है। साथ ही राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। एक दिन में ही प्रदेश में 2-4 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा
दरअसल, बारिश का दौर खत्म हो चुका है। दिन में तेज हवाएं चलने और तापमान बढ़ने से गर्मी का सितम शुरू होगा। यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। प्रयागराज और कानपुर जैसे शहरों में पारा 40°C के करीब जा सकता है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और असम, मेघालय व अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना है।
अब गर्मी का दौर होगा शुरू
मौसम विभाग के अनुसार, अब गर्मी का दौर शुरू होगा। एक सप्ताह के भीतर ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा की वजह से काफी हद तक राहत मिली। लेकिन, सोमवार से हवा की रफ्तार धीमी होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी से आम जनजीवन प्रभावित होगा। तीन-चार दिन पहले तक बारिश-आंधी की वजह से प्रदेश भर में मौसम काफी खुशगवार हो गया था। तापमान में 10 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई थी। अप्रैल के महीने में नवंबर जैसा अहसास कराने के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है।
कुछ जगह धूल भरी आंधी भी चली
मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश में 2-4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब यह बढ़ोतरी लगातार जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की वजह से लोगों ने राहत महसूस की। कुछ जगह धूल भरी आंधी भी चली। हालांकि अब धीरे-धीरे हवा की रफ्तार कम होगी और तापमान में वृद्धि का क्रम शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।