फरसा वाले बाबा की मौत पर हुए बवाल के बीच पुलिस ने दिया बड़ा बयान! कहा- उनकी मौत ट्रक हादसे में हुई, दक्ष चौधरी समेत 13 की गिरफतारी...
पुलिस ने कहा कि मथुरा के बाहर रहने वाला एक व्यक्ति दक्ष चौधरी ने यहां आकर अफवाह और भ्रामक बातें फैलाने की कोशिश की। उसने सरकारी कामकाज में बाधा डालने का भी प्रयास किया
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोसी थाना क्षेत्र में बीती रात गौ-रक्षक फरसा वाले बाबा की मौत हो गई है। उनकी मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इस कड़ी में मथुरा पुलिस ने बड़ा बयान दिया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि यह घटना ट्रक से जुड़े एक हादसे की के वजह से हुई, जिसमें ट्रक चालक भी घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई है।
फरसा बाबा की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु
उन्होंने कहा कि कल यानी 20 मार्च की रात को कोसी पुलिस थाना क्षेत्र में एक दुर्घटना में फरसा बाबा की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में उनके एक सहकर्मी की शिकायत पर दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। इसमें आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस ट्रक से दुर्घटना हुई उस ट्रक का चालक भी घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई है। इसलिए, इस संबंध में भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अराजक तत्वों ने फैलाई अफवाह
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि कुछ अराजक तत्वों ने इस संबंध में अफवाहें फैलाई है, जिसके बाद छाता पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। कुछ बदमाशों ने पत्थरबाजी भी की। इसके बाद कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 13 लोगों को गिरफ्तारी की गई है। सभी बदमाशों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दक्ष चौधरी को भी किया गया गिरफ्तार
मथुरा के बाहर रहने वाला एक व्यक्ति, दक्ष चौधरी ने यहां आकर अफवाह और भ्रामक बातें फैलाने की कोशिश की। उसने सरकारी कामकाज में बाधा डालने का भी प्रयास किया। परिणामस्वरूप, उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दक्ष चौधरी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।