UP WEATHER UPDATE: लखनऊ, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे यूपी में बरसेंगे बदरा, इस दिन से होगा मौसम साफ...

कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा है और आम जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है।

By :  Aryan
Update: 2026-03-22 07:01 GMT

लखनऊ। मार्च का महीने को बारिश ने सुहाना बना दिया है। गर्मी के मौसम में बारिश का सिलसिला  आज यानी रविवार को भी जारी रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी  के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। इसके मद्देनजर कई जगहों पर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।

इन जिलों में बारिश का अधिक असर

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और सोनभद्र जैसे इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

ओलावृष्टि की संभावना

कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा है और आम जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है। सड़कों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हो सकता है।

लखनऊ का आसमान भी रहेगा धुंधला

राजधानी लखनऊ की बात करें तो दिन में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन उमस और तेज हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

इन शहरों में अलर्ट जारी 

नोएडा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे शहरों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुछ इलाकों में यह रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.।मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

23 मार्च से तापमान में होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। 23 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अनुमान है कि 26 मार्च तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।  मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। 

Tags:    

Similar News