पीएम मोदी के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज! इस दिग्गज नेता को पछाड़ते हुए बनाया रिकार्ड...
पीएम मोदी ने 4,000 से अधिक दिनों तक प्रधानमंत्री के पद पर रहकर सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में अपनी जगह बनाई है।
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीतिक में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पीएम मोदी का बतौर सीएम और पीएम मिलाकर कार्यकाल आज 8931 दिनों का हो गया है।
पीएम के नाम खास उपलब्धि
भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बना लिया है। पवन कुमार चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यकाल को मिलाकर 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं। यह एक दुर्लभ और उल्लेखनीय उपलब्धि है, जो दशकों की निरंतर सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है।
लंबे समय तक रहे गुजरात के सीएम
पीएम मोदी ने अपनी मुख्यमंत्री काल के दौरान भी गुजरात के सबसे लंबे समय तक सीएम बने रहने का रिकॉर्ड बनाया था। वे मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव रखने वाले प्रधानमंत्री हैं। इसके अलावा देश की लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014, 2019 और 2024) जीतने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।
पीएम मोदी राजनीतिक इतिहास
पीएम मोदी ने आरएसएस के प्रचारक के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। वह गुजरात के चार बार मुख्यमंत्री रहे। 2001, 2002, 2007 और 2012 विधानसभा चुनावों के बाद गुजरात सरकार का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल 22 मई 2014 तक रहा। लगभग 12 वर्ष और 7 महीने तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। नरेंद्र मोदी भारत के 14वें और वर्तमान प्रधानमंत्री हैं, जो 26 मई 2014 से लगातार पद पर बने हुए हैं। जून 2024 में उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने 4,000 से अधिक दिनों तक पद पर रहकर सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों में अपनी जगह बनाई है।