वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेनों में आपातकालीन कोटा बहाल करने की घोषणा, इन्हें मिलेगा फायदा

Update: 2026-02-12 12:30 GMT

नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत ट्रेनों में आपातकालीन कोटा बहाल करने की घोषणा की है। यह सुविधा पहले इन ट्रेनों में उपलब्ध नहीं थी। बता दें कि यह कोटा केवल उन यात्रियों के लिए है जिनके पास पहले से 'वेटिंग लिस्ट' का टिकट है। आवेदन स्वीकृत होने पर ही उनकी सीट कन्फर्म होती है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी आवेदन की सत्यता की जांच करने के बाद ही सीट आवंटित करते हैं।

किसे मिलेगा फायदा और कितनी होंगी सीटें?

यह कोटा मुख्य रूप से आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों, सरकारी ड्यूटी पर यात्रा करने वाले अधिकारियों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आरक्षित है।

अमृत भारत ट्रेन: जिन ट्रेनों में 7 या उससे अधिक स्लीपर कोच हैं, उनमें 24 बर्थ इमरजेंसी कोटे के लिए निर्धारित की गई हैं।

वंदे भारत स्लीपर: इसमें सीटों की संख्या दिनों के आधार पर अलग-अलग होगी।

फर्स्ट एसी (1A): सामान्य दिनों में 4 सीटें, वीकेंड पर 6 सीटें।

सेकंड एसी (2A): सामान्य दिनों में 20 सीटें, वीकेंड पर 30 सीटें।

थर्ड एसी (3A): सामान्य दिनों में 24 सीटें, वीकेंड पर 42 सीटें।

इमरजेंसी कोटा पाने की प्रक्रिया क्या है?

यह कोटा सामान्य या तत्काल टिकट की तरह ऑनलाइन बुक नहीं किया जा सकता। इसका लाभ उठाने के लिए निम्नलिखित प्रक्रिया अपनानी होगी।  यात्री को एक लिखित आवेदन देना होगा, जिसे किसी राजपत्रित अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित या अनुशंसित होना चाहिए। आपात स्थिति (जैसे मेडिकल इमरजेंसी) से जुड़े वैध प्रमाण पत्र या आईडी कार्ड की प्रति साथ लगानी होगी।

आवेदन का समय

नए नियमों के अनुसार, आवेदन यात्रा की तारीख से एक दिन पहले देना होगा।

- दोपहर 2:00 बजे से पहले जाने वाली ट्रेनों के लिए: पिछले दिन दोपहर 12:00 बजे तक।

- दोपहर 2:00 बजे के बाद जाने वाली ट्रेनों के लिए: पिछले दिन शाम 4:00 बजे तक।



Tags:    

Similar News