कोडीन युक्त कफ सिरप के मामले में बड़ा खुलासा! एसआईटी ने निशाने पर लिया 2500 मोबाइल नंबर...
मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल, खोजवा के दिवेश जायसवाल, सोनिया के अमित जायसवाल के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट भी जारी है
वाराणसी। कोडीन युक्त कफ सिरप के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल शैली ट्रेडर्स के साथ मिलकर खरीद ब्रिकी करने वालों की लंबी लिस्ट है। जानकारी के मुताबिक, इस क्रम में एसआईटी ने 2500 मोबाइल नंबर को निशाने पर लिया है। वाराणसी के आसपास के क्षेत्रों के 40 युवकों ने बनारस छोड़ दिया है। वहीं, एसआईटी उन युवकों के लोकेशन को ट्रेस करवा रही है।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के कुछ पुराने छात्र नेता भी इसमें शामिल हैं।
एसआईटी ने तैयार की सूची
एसआईटी ने शैली ट्रेडर्स के मालिक भोला प्रसाद जायसवाल और उसके बेटे शुभम जायसवाल के संपर्क में रहने वालों की सूची तैयार की है। दरअसल कमिश्नरेट की गठित एसआईटी के जांच में कई परते खुली हैं। जानकारी के मुताबिक, पिता-पुत्र समेत उसके रिश्तेदारों की कफ सिरप की खरीद बिक्री में संलिप्त होने की बात सामने आई है। सबसे ज्यादा पक्के महाल के युवकों को कफ सिरप की तस्करी में शामिल किया गया। युवकों ने महज तीन साल के अंदर होटल, गेस्ट हाउस और प्रॉपर्टी डीलर के व्यवसाय में अच्छा निवेश किया है।
शुभम जयसवाल के करीबियों की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा
बता दें कि मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल, खोजवा के दिवेश जायसवाल, सोनिया के अमित जायसवाल के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट भी जारी है। शुभम के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस भी कमिश्नरेट पुलिस ने जारी कर रखा है। जानकारी के अनुसार, कफ सिरप के मामले में आरोपियों की संपत्ति जब्त हुई है। शुभम एवं भोला के करीबियों की संपत्तियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। इतनी संपत्तियां कैसे बनाई गई है, इसके अलावा आय के साधन का भी पता किया जाएगा।