भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ता को बीच सड़क पर पहनाई साड़ी, जानें क्यों ऐसा किया

प्रकाश पगारे ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।;

By :  Aryan
Update: 2025-09-25 07:36 GMT

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उल्टी-सीधी की हुई तस्वीर शेयर करने के आरोप में ठाणे में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक कांग्रेस पदाधिकारी को सार्वजनिक रूप से साड़ी पहना दिया। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने इस मामले का बचाव करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मामा उर्फ प्रकाश पगारे ने प्रधानमंत्री को बदनाम किया था। उसके जवाब में ऐसा किया गया है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। बता दें कि प्रकाश पगारे ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना की वजह से महाराष्ट्र का सियासी माहौल गरमा गया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कारवाई करेंगे

पगारे ने कहा है कि वह इस कृत्य में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की एक छेड़छाड़ की हुई तस्वीर साझा की थी। वहीं, भाजपा की कल्याण इकाई के अध्यक्ष नंदू परब और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने डोंबीवली इलाके के मानपाड़ा रोड पर पगारे को रोका। उन्होंने सड़क के बीचों-बीच उन्हें जबरन साड़ी पहना दी। इस कृत्य का बचाव करते हुए भाजपा कार्यकर्ता परब ने कहा कि यह प्रधानमंत्री को बदनाम करने की पगारे की कोशिश का जवाब था।

हमने महंगी साड़ी पहनाई है

भाजपा के कार्यकर्ता परब ने कहा कि हमने मामा पगारे को सड़क पर शालू पहनाई, जो कि एक महंगी साड़ी है। वहीं, पगारे ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाति को लेकर गालियां दीं और झड़प के दौरान उन्हें थप्पड़ भी मारे। कांग्रेस पदाधिकारी ने कहा कि वह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराएंगे।

घटिया मानसिकता

कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पोटे ने कहा कि भीड़ जमा करके निशाना बनाने की मानसिकता और उनकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की यह हरकत पूरे महिला वर्ग का अपमान और एक वरिष्ठ नेता पर घटिया हमला है। पोटे ने इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।


Tags:    

Similar News