बदायूं: मेंथा फैक्टरी में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत, दम घुटने से जान जाने की आशंका...
एक मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है कि यह आकस्मिक घटना नहीं बल्कि हत्या है।;
बदायूं। बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के गांव कुड़ा से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल नरसिंहपुर स्थित मेंथा फैक्टरी के केबिन में आज यानी मंगलवार सुबह तीन लोगों के शव पाए गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, तीनों मृतक सुरक्षाकर्मी थे। एक मृतक के परिजन ने आरोप लगाया है, कि यह आकस्मिक घटना नहीं बल्कि हत्या है। वहीं कुछ लोग मौत का कारण दम घुटना बता रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल पर छानबीन जारी है। बता दें कि यह वही फैक्टरी है, जिसमें कुछ महीने पहले भीषण आग लगी थी।
बैंक ऑफ बड़ौदा में बंधक है यह फैक्टरी
जानकारी के मुताबिक, गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मेंथा फैक्टरी बैंक ऑफ बड़ौदा में बंधक है। फैक्टरी कर्मचारियों ने आज यानी मंगलवार को सुबह केबिन में सिक्योरिटी गार्ड जोगेंद्र यादव (30 वर्ष) बसावनपुर मुजरिया थाना, भानु यादव (26 वर्ष) निवासी मुड़सैना और विवेक यादव को मृत अवस्था में पाया।
परिजनों ने दी जानकारी
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतकों के परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए और हंगामा कर दिया। वहीं, जोगेंद्र यादव के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक तीन शवों पर चोट के निशान नहीं हैं। केबिन में हीटर लगा हुआ है।