छठ-झाग और केमिकल: रेखा सरकार में भी पुराने पैटर्न पर मनेगी छठ

धार्मिक माहौल को ध्यान में रखते हुए भोजपुरी और मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।;

By :  Aryan
Update: 2025-10-22 08:19 GMT


नई दिल्ली। यमुना नदी में सफेद झाग है। इस झाग से निजात पाने के लिए एक खास किस्म के केमिकल का स्प्रे किया जाएगा। अब झाग भी जहरीला है और केमिकल भी जहरीला। अर्थात यमुना जहरीला है और इसी जहर में छठ महापर्व इस साल भी मनाया जाएगा। पिछले साल भी यही सीन था। वैसे पर्व की पवित्रता दिखाने के लिए 17 आदर्श घाट बनाए गए हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस साल शहर में छठ पूजा स्थलों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में बहुत अधिक होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष, सिर्फ 929 स्थानों पर छठ कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। लेकिन इस बार अब तक हमें छठ पूजा मनाने के लिए समितियों से 1000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। यमुना नदी पर हमारे द्वारा बनाए जाने वाले 17 घाटों के साथ ही सरकार इन सभी 1000 घाटों पर भी सभी जरुरी व्यवस्थाएं प्रदान करेगी। जिनमें टेंट, बिजली, स्वच्छता और शौचालय आदि शामिल हैं।

मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक जिले में एक आदर्श छठ घाट बनाया जाएगा। भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। छठ व्रतियों के लिए पूरी दिल्ली में जगह-जगह पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन पर पुष्प वर्षा की जाएगी और उनका स्वागत किया जाएगा। धार्मिक माहौल को ध्यान में रखते हुए भोजपुरी और मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उठाये सवाल

दरअसल छठ को लेकर यमुना में मौजूद झाग की सफाई के लिए केमिकल का प्रयोग किया जा रहा है। इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यमुना नदी के प्रदूषण को दूर करने के लिए, मनुष्य के शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच किए बिना डाले गये केमिकल के बारे में गंभीर रिपोर्ट का तुरंत संज्ञान लिया जाए। छठ पर्व से पहले ये एक अति संवेदनशील विषय है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के कारण यमुना जी और गंगा जी को स्वच्छ रखने में पूरी तरह से नाकाम रही है, अब और अधिक प्रदूषित तो न करें।

केमिकल के इस्तेमाल पर आप विधायक संजीव झा ने भी खड़े किए सवाल

यमुना में मौजूद झाग की सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल पर आप विधायक संजीव झा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले तो भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने इसे जहरीला केमिकल कहा था। लेकिन अगर केमिकल में जहर है तो अब इसका क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है, और अगर जहरीला नहीं है तो पहले झूठ क्यों बोला गया था?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी सफाई

वहीं, इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि जिस केमिकल इस्तेमाल किया जा रहा वो प्रमाणित हैं। हम पर्यावरण का पूरा ध्यान रख रहे हैं। सरकार का उद्देश्य छठ पूजा में श्रद्धालुओं को स्वच्छ यमुना उपलब्ध कराना है।

Tags:    

Similar News