सिंगापुर में CM योगी की बड़ी सफलता: इन्वेस्ट यूपी व एससीई के बीच एमओयू साइन ! जेवर एयरपोर्ट को मिले 4458 करोड़ के दो प्रोजेक्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक अत्याधुनिक विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन की स्थापना की जाएगी
लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन इन्वेस्ट यूपी और सिंगापुर कोऑपरेशन एंटरप्राइज (एससीई) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। दरअसल यह समझौता उत्तर प्रदेश में संस्थागत क्षमता और नीतिगत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए किया गया है। इसके साथ ही इकोसिस्टम के विकास के लिए दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है।
निरंतर विकास और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा पर जोर
जानकारी के मुताबिक, एमओयू के तहत दोनों पक्षों ने विषयानुसार ज्ञान के आदान-प्रदान, तकनीकी सहयोग और परामर्श सेवाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश में सतत आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और आधुनिक अवसंरचना के विकास को गति देने पर जोर डाला।
इन क्षेत्रों में मिलेगा सहयोग
समझौते के मुताबिक, दोनों पक्ष स्टडी विजिट्स व लीडरशिप डेलिगेशन का आयोजन करने के साथ ही ट्रेनिंग व कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रमों का खाका तैयार कर उसे लागू भी कराएंगे। इससे लोगों की कार्यक्षमता व कौशल, दोनों को विकसित किया जा सकेगा। इसके अलावा उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और साथ मिलकर तकनीकी सहयोग की परियोजनाएं तैयार कर उन्हें लागू करना। सरकारी और निजी क्षेत्र से जुड़े संबंधित लोगों व संस्थाओं का सहयोग हासिल करना भी एमओयू के प्रावधानों में शामिल किया गया है। यदि जरूरत पड़ी तो विशिष्ट परियोजनाओं के लिए अलग से लिखित समझौते किए जाएंगे, जिनमें कार्यक्षेत्र, समयसीमा और वित्तीय प्रावधान स्पष्ट किए जाएंगे।
दो माह के अंदर विस्तृत परियोजना पर होगी चर्चा
दो माह के भीतर विस्तृत परियोजना वाले समझौतों पर बातचीत शुरू की जाएगी और छह माह के भीतर उन्हें अंतिम रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
लॉजिस्टिक्स और डिजिटल गवर्नेंस में मिलेगा लाभ
इस साझेदारी से उत्तर प्रदेश को सिंगापुर के प्रशासनिक अनुभव, शहरी नियोजन, औद्योगिक क्लस्टर विकास, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में अनुभव का लाभ मिलेगा। इस समझौते को उत्तर प्रदेश की वैश्विक सहभागिता और लॉन्ग टर्म विजन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जेवर एयरपोर्ट के लिए दो प्रोजेक्ट्स में 4458 करोड़ रुपये का निवेश
सीएम योगी सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का एक और तोहफा मिला है। सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी एआई सैट्स (AISATS) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत कंपनी गौतमबुद्ध नगर स्थित जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो प्रमुख परियोजनाएं स्थापित करेगी। एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और दूसरा विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन। इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर एआई सैट्स 4458 करोड़ रुपये निवेश करेगी।
कार्गो कैंपस अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बनेगा रणनीतिक हब
एमओयू के अनुसार, एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस का निर्माण करेगी। यह कार्गो कैंपस न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस परियोजना से निर्यात-आयात गतिविधियों को गति मिलेगी, विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, कृषि उत्पाद जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ होगा। जेवर एयरपोर्ट को मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे यह कार्गो कैंपस अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक रणनीतिक हब के रूप में उभरेगा।
एयर कैटरिंग किचेन की होगी स्थापना
एमओयू के दूसरे प्रमुख निवेश के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही एक अत्याधुनिक विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन की स्थापना की जाएगी। यह किचेन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराएगा। विशेष बात यह है कि यहां तैयार किया गया भोजन केवल जेवर एयरपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी सप्लाई पूरे उत्तर भारत के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर भी की जाएगी। इससे फूड प्रोसेसिंग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी तथा हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।