बॉलीवुड के एक और एक्टर पर हमले की साजिश! घर में जबरन घुसी महिला, जानें कौन है एक्टर
कुछ दिनों पहले ही बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान के आवास पर अनजान लोगों ने प्रवेश करने की कोशिश की।;
मुबंई। बॉलीवुड में कई एक्टर धमकी और हमले की साजिश का सामना कर चुके हैं। कुछ दिनों पहले ही बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान के आवास पर कुछ अनजान लोगों ने प्रवेश करने की कोशिश की थी। अब ऐसा ही कुछ अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के साथ हुआ है। जिसमें एक अज्ञात महिला ने उनके घर में घुसना चाहा। जिसके बाद इसे लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
अभिनेता को उपहार देना चाहती हूं...
अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के मुंबई में बांद्रा पश्चिम स्थित आवास पर यह घटना सामने आई। बता दें कि अभिनेता की नौकरानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। 26 मई को अभिनेता शूटिंग के लिए बाहर गए थे और उनकी नौकरानी घर पर अकेली थीं। उस दिन शाम करीब 6 बजे दरवाजे की घंटी बजी। सामने एक अंजान महिला दरवाजे पर खड़ी थी। महिला ने पूछा कि क्या यह आदित्य रॉय कपूर का घर है। जब नौकरानी ने पुष्टि की, तो महिला ने कहा कि वह अभिनेता को उपहार देना चाहती है।
महिला की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक महिला घर से ना जाने की जिद कर रही थी। इस कारण सिक्योरिटी और खार पुलिस को जानकारी दी गई । उस महिला ने अपना नाम गजाला झकारिया सिद्दिकी बताया, जो 47 वर्ष की है और दुबई की रहने वाली है। जब उससे अभिनेता के घर में आने के उद्देश्य के बारे में पूछा गया तो महिला ने कोई जवाब नहीं दिया। महिला के ऊपर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूछताछ जारी है।