मोहन यादव के हितग्राही सम्मेलन से लौट रही एक बस और ट्रक की टक्कर! 10 की मौत, कई घायल, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Update: 2026-03-26 17:06 GMT

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। छिंदवाड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। सीएम मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसा उमरानाला इलाके में सिमरिया के पास शाम करीब 6 बजे हुआ है।

10 लोगों की अब तक मौत

छिंदवाड़ा हादसे में 10 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। इनमें 6 पुरुष, तीन महिला और एक बच्चा शामिल है। इसके अलावा 20 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। इसके लिए पुलिस ने हादसे की जगह से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया है। बताया जा रहा है कि घायलों को देखने के लिए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह छिंदवाड़ा पहुंचेंगे।छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने कहा कि बस में करीब 47 यात्री थे। बस के सभी लोग घायल हुए हैं, जिसमें से पांच गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। एक व्यक्ति को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायल लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि

घटना को लेकर सीएम मोहन यादव का भी बयान सामने आया है, उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करता हूं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मुआवजे का ऐलान करते हुए लिखा कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी घायलों के उपचार की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है।

Tags:    

Similar News