धीरेंद्र शास्त्री अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव के साथ बांकेबिहारी के करेंगे दर्शन! सनातन जोड़ो यात्रा 16 नवंबर को ब्रज में करेगा प्रवेश
नई दिल्ली। सनातन जोड़ो पदयात्रा का दिल्ली से आगाज हो गया है। इस यात्रा की अगुवाई बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार यात्रा ब्रज में प्रवेश करते ही कई संतों का यहां जमावड़ा होगा। उनके साथ यात्रा के आखिरी दिन 16 नवंबर को अयोध्या, दिल्ली, चित्रकूट समेत ब्रज के कई संत रहेंगे। वहीं धीरेंद्र शास्त्री अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव के साथ बांकेबिहारी लाल के दर्शन करेंगे।
बाबा रामदेव के आने की भी संभावना
वृंदावन के प्रमुख संत आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने बताया है कि सनातन की इस पदयात्रा से ऐसी अलख जगेगी, जिसे बुझाना मुश्किल होगा। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के प्रयास सार्थक होंगे। ब्रज के संत उनका साथ देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इस बार उनका ब्रज में ऐसा स्वागत होगा, जो युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। ब्रज में यात्रा के दौरान संतों के अलावा अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव भी शामिल होंगे। इसके अलावा बाबा रामदेव के आने की भी संभावना है, लेकिन अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
वृंदावन में किया जाएगा ट्रैफिक डायवर्जन
बता दें कि यात्रा के ब्रज में आते ही हाईवे से लेकर वृंदावन में ट्रैफिक डायवर्जन कर दिया जाएगा। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तैयारियों में जुटा है। सुरक्षा के लिहाज से कई थानों के फोर्स को तैनात किया जाएगा। साथ ही यातायात का विशेष प्लान तैयार किया गया है।
वृंदावन में पांच सौ लोग ही आ पाएंगे अंदर
दरअसल, सनातन जोड़ो यात्रा में वृंदावन में केवल पांच सौ लोग ही अंदर आ पाएंगे। प्रशासन ने रविवार होने के कारण यात्रा में शामिल लोगों में से प्रमुख लोगों को ही छटीकरा से बांकेबिहारी मंदिर आने की अनुमति दी है। रविवार होने के कारण बिहारीजी के मंदिर में भीड़ रहती है। ऐसे में यात्रा में शामिल लाखों लोगों की भीड़ से यातायात व्यवस्था के चरमराने की स्थिति पैदा हो जाएगी।