Dhoni और कपिल ने क्रिकेटर को किया बर्बाद...इरफान पठान के बाद पूर्व क्रिकेटर के पिता धोनी पर बरसे! इस खिलाड़ी को भी लपेटे में लिया
नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान के हाल में दिए धोनी पर एक बयान के बाद जमकर विवाद हो रहा है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया जा रहा है। वहीं पठान के धोनी के लिए हुक्का लगाने वाले बयान को लेकर इस समय बवाल मचा हुआ है।
धोनी पर युवराज का करियर खराब करने का लगाया आरोप
हालांकि इस बात पर कई लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं तो सोशल मीडिया पर मीम्स बन रहे हैं। अब इसमें युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह की एंट्री हुई है। योगराज ने एक बार फिर एमएस धोनी और कपिल देव पर निशाना साधा है। यहां तक कि योगराज कई बार धोनी और कपिल पर बरस चुके हैं। उन्होंने कपिल पर अपना करियर खराब करने के आरोप लगाए हैं तो वहीं धोनी पर युवराज सिंह का करियर खराब करने के दोष मढ़े हैं।
कई खिलाड़ी के साथ धोनी ने बुरा व्यवहार किया
दरअसल, इरफान ने हाल ही में कहा था कि धोनी उन्हीं लोगों को टीम में खिलाते थे जो उनके लिए हुक्का लगाते थे। हालांकि पठान के इस बयान के बाद काफी विवाद हो गया और अब इसमें योगराज सिंह भी कूद गए हैं। योगराज सिंह ने इंटरव्यू में कहा कि इरफान अकेले नहीं थे बल्कि कई और खिलाड़ी थे जिनके साथ धोनी ने बुरा व्यवहार किया।
उनके खिलाफ ज्यूरी बिठानी चाहिए
एक इंटरव्यू के दौरान योगराज सिंह ने कहा कि ये सिर्फ इरफान पठान की बात नहीं है। आप देखें कि गौतम गंभीर ने भी इस बारे में बात की। वीरेंद्र सहवाग ने खुलेआम इस बारे में बात की। हरभजन सिंह ने बताया था कि उन्हें किस तरह से मक्खी की तरह टीम से निकाल दिया गया था। आपको उनके खिलाफ ज्यूरी बिठानी चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। एमएस धोनी इस बात का जवाब नहीं देना चाहते। जो जवाब नहीं देना चाहता वो गलत पर होता है।
कप्तानों ने हमारे क्रिकेटर और टीमों को किया बर्बाद
बता दें कि योगराज सिंह सिर्फ धोनी तक नहीं रुके। इस दौरान उन्होंने कपिल देव के साथ-साथ बिशन सिंह बेदी का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि मैं बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, धोनी के बारे में बात करता हूं। मैं उन लोगों के बारे में बात कर सकता हूं जिनके साथ मैं रहा हूं। इन्होंने लोगों के साथ काफी बुरा व्यवहार किया है। जो गलत है वो गलत है। दो गलत सही नहीं बना सकते। मैं ये बात खुलेआम कह सकता हूं कि हमारे क्रिकेटर और टीमों को कप्तानों ने बर्बाद किया है।