रोहित और विराट के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने पर धोनी का बड़ा बयान! बोले- उम्र नहीं...
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 2027 वनडे विश्व कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने का पुरजोर समर्थन किया है। बता दें कि एक कार्यक्रम के दौरान धोनी ने स्पष्ट किया कि किसी खिलाड़ी के चयन के लिए "उम्र कोई मापदंड नहीं है"; बल्कि केवल फिटनेस और प्रदर्शन ही मायने रखते हैं।
उम्र बनाम फिटनेस
धोनी ने कहा कि अगर कोई खिलाड़ी 35 वर्ष का है और फिट है, तो उसकी उम्र मायने नहीं रखती। उन्होंने जोर दिया कि 22 साल के खिलाड़ी को भी टीम में होने के लिए फिट होना जरूरी है। उन्होंने तर्क दिया कि टीम में सभी के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए। यदि कोई खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहा है और फिट है, तो उसे खेलते रहना चाहिए, चाहे उसकी उम्र कितनी भी हो।
अनुभव का महत्व
धोनी ने अनुभवी खिलाड़ियों के महत्व पर बोलते हुए कहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों में दबाव झेलने के लिए उन खिलाड़ियों की जरूरत होती है जो कई बार ऐसी स्थितियों से गुजर चुके हों। धोनी का मानना है कि यह फैसला उन दोनों खिलाड़ियों पर छोड़ देना चाहिए कि वे आगे खेलना चाहते हैं या नहीं।
रोहित-विराट का हालिया प्रदर्शन
बता दें कि रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 202 रन जड़े थे। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो अर्धशतक जड़े. विजय हजारे ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ 155 रन की शानदार पारी खेली थी। दोनों ही बेहतरीन फॉर्म में हैं और ऐसे में उनका अभी वनडे टीम से बाहर होना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।
वहीं विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में नाबाद 74 बनाए थे। इसके बाद साउथ अफ्रीका श्रृंखला में उनकी ओर से दो शतक और 1 अर्धशतक आया था। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी बवाल मचाया. न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में उन्होंने 3 मैचों में 240 रन बनाए थे।