मुंबई में कचरे के ढेर के पास मिली बुजुर्ग महिला, परिजनों ने झाड़ा पल्ला

शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने महिला को गंदगी के बीच पड़ा देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद महिला की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं ताकि उसकी पहचान हो सके और परिजनों से संपर्क किया जा सके।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-06-23 16:45 GMT

मुंबई की आरे कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला कचरे के ढेर के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने सोमवार को उसके परिजनों का पता लगा लिया और उनसे पूछताछ शुरू की। महिला की उम्र करीब 60 से 70 साल बताई जा रही है।

शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने महिला को गंदगी के बीच पड़ा देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद महिला की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं ताकि उसकी पहचान हो सके और परिजनों से संपर्क किया जा सके।

पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने महिला को पहचानते हुए बताया कि वह कभी-कभी उसके दुकान के बाहर बैठती थीं। इसके बाद पुलिस महिला के परिवार तक पहुंची जो कि कांदिवली के पोइसर इलाके में रहता है।

परिजनों ने दावा किया कि महिला स्वयं घर से निकल गई थी और पहले भी ऐसा कर चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने महिला को वहां नहीं छोड़ा है। पुलिस अब इन दावों की पुष्टि के लिए उनसे पूछताछ कर रही है।

महिला आरे कॉलोनी के यूनिट नंबर 32 में मिली थीं। एक सतर्क नागरिक की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, दो अस्पतालों ने पहले महिला को भर्ती करने से इनकार कर दिया था, बाद में उन्हें विले पारले स्थित कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

महिला ने अपना नाम यशोदा गायकवाड़ बताया और कहा कि वह मलाड में अपने पोते के साथ रहती थीं। उनका दावा है कि पोता उन्हें आरे कॉलोनी लाया और वहां छोड़ गया। उन्होंने जो पते पुलिस को बताए, वहां कोई नहीं मिला।

पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर महिला ऐसी स्थिति में वहां कैसे पहुंची। इसके लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Similar News