पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का 79 वर्ष की उम्र में निधन
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गिरिजा व्यास को 31 मार्च को अपने घर पर पूजा के दौरान गंभीर जलने की चोटें आई थीं।;
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार शाम निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। उनका इलाज अहमदाबाद के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गिरिजा व्यास को 31 मार्च को अपने घर पर पूजा के दौरान गंभीर जलने की चोटें आई थीं।
बताया गया है कि वह आरती कर रही थीं, तभी उनका दुपट्टा दीपक की लौ से जल गया और वे आग की चपेट में आ गईं। हादसे में उन्हें गंभीर रूप से जलने की चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें उदयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया था। लेकिन कई दिनों के इलाज के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
उनके भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार की शाम को अस्पताल में उनका निधन हो गया। परिवार ने जानकारी दी है कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को उदयपुर में किया जाएगा।
गिरिजा व्यास लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी से जुड़ी रहीं और उन्होंने न केवल राजस्थान में, बल्कि केंद्र सरकार में भी मंत्री के रूप में अपनी भूमिका निभाई। वे राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षता भी की थी, जहां उन्होंने महिला अधिकारों के लिए काम किया।