टीम इंडिया के लिए अब सेमीफाइनल की राह नहीं है आसान! सुपर-8 मुकाबले में हार के बाद शर्मनाक रिकार्ड हुए दर्ज
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विस्फोटक बल्लेबाजों से भरी टीम इंडिया 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन पर ही सिमट गई। इस बड़ी हार ने टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह भी मुश्किल कर दी है। साथ ही अब टीम इंडिया पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। वहीं अहमदाबाद में मिली इस हार के साथ ही टीम इंडिया ने कई शर्मनाक रिकॉर्ड भी बना डाले हैं।
बचे दोनों मुकाबले में बड़े अंतर से जीतना होगा
बता दें कि भारत को टॉप-4 में जगह बनाने के लिए अपने बचे दोनों मुकाबले न सिर्फ जीतने ही होंगे, बल्कि बड़े अंतर से वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराना होगा। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में एडिलेड में इंग्लैंड से सेमीफाइनल हारने के बाद से किसी मल्टी-नेशन टी20 टूर्नामेंट में ये टीम इंडिया की पहली हार है। इस दौरान भारतीय टीम ने कुल 23 मैच खेले, जिसमें 21 जीते, एक मैच बेनतीजा रहा और एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
टीम इंडिया की ये रनों की लिहाज से सबसे बड़ी हार
टीम इंडिया ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल भी गंवाया था। उस मुकाबले के बाद से आईसीसी इवेंट्स के सभी फॉर्मेट में 18 मैचों में भारत की ये पहली हार है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में टीम इंडिया की ये रनों की लिहाज से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले भारत ने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिजटाउन में 49 रन से हार का सामना किया था। साल 2016 में टीम इंडिया को नागपुर में न्यूजीलैंड के हाथों 47 रन से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि अब होगा टीम इंडिया का आने वाले मैच में कैसा कमाल करती है।