मथुरा नाव हादसा: पीएम मोदी ने मृतकों के लिए 2-2 लाख की मदद का किया ऐलान, घायलों को इतनी राशि की आर्थिक मदद
वृंदावन। उत्तर प्रदेश के मथुरा (वृंदावन) में आज यमुना नदी में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा केशी घाट के पास उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी नाव एक पीपा पुल से टकराकर पलट गई।
हादसे से जुड़ी मुख्य जानकारी
अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
गोताखोरों की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी
एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। सेना की मदद भी मांगी गई है। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार अधिकांश श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले थे।
घायलों के समुचित इलाज के दिए निर्देश
बता दें सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।