कल से हाईवे का सफर होगा महंगा! राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगा टोल टैक्स, जानें कितना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब लोगों को सफर करना थोड़ा महंगा साबित होने वाला है। दरअसल 1 अप्रैल 2026 की आधी रात से नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए टोल दरों में औसतन 5% से 10% तक की बढ़ोतरी की है।
सफर होगा महंगा
नए फैसले के बाद एक अप्रैल से दिल्ली और गाजियाबाद आने जाने वाले यात्रियों को सराय काले खां से मेरठ तक के सफर के लिए अधिक भुगतान देना होगा। इस तरह मेरठ से बुलंदशहर के रूट पर चलने वाले वाहन चालकों के टोल में भी बढ़ोतरी की गई है। इस रूट से गुजरने वाले निजी और कमर्शियल वाहनों को पहले से अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। मेरठ से बुलंदशहर हाईवे पर भी प्राइवेट और कमर्शियल वाहनों के टोल टैक्स में बढ़ोतरी कर दी गई है. इसी तरह मेरठ-नजीबाबाद मार्ग पर लोगों की जेब पर भार बढ़ जाएगा।
वाहनों की श्रेणी पर निर्भर होगी दरें
हाईवे पर टोल टैक्स में 5 रुपये से 45 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। ये दरें वाहनों की श्रेणी पर निर्भर करती हैं। जैसे कार, बस और ट्रकों के आधार पर अलग-अलग दरें बढ़ाई गई हैं।
इन लोगों को मिली राहत
जानकारी के मुताबिक इस नए रूल की शर्तें मासिक और वार्षिक पास धारकों पर लागू नहीं होगी। फिलहाल इन कार्ड धारकों को मंहगी दरों से राहत मिलती रहेगी। उनके लिए टोल में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है।