दिल्ली भाजपा सरकार और दिल्ली भाजपा कार्यालय कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे, तो दिल्ली और विकसित होगी: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आज दिल्ली बीजेपी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया।;

Update: 2025-09-29 12:53 GMT

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने आज दिल्ली बीजेपी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली और भाजपा का रिश्ता सिर्फ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है। ये सेवा का, संस्कार का है,पहले जनसंघ के रूप में और फिर भाजपा के रूप में हमारी पार्टी दिल्ली के दिल और उसके हितों से जुड़ी रही है। जनसंघ की स्थापना के बाद से हमने दिल्ली के लोगों की हर तरह से सेवा की है। जनसंघ कार्यकर्ताओं ने विभाजन के बाद दिल्ली आए पीड़ितों के पुनर्वास की व्यवस्था की।

दिल्ली भाजपा को अपना नया कार्यालय मिला

जब महानगर परिषद का गठन हुआ, तो आडवाणी और वीके मल्होत्रा ​​जैसे नेता दिल्ली के लोगों की आवाज बने। आपातकाल के दौरान, जनसंघ के नेताओं ने दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर सरकारी दमन के खिलाफ लड़ाई लड़ी। 1984 के सिख दंगों के दौरान, दिल्ली की आत्मा और मानवता पर एक विनाशकारी आघात पहुंचा था। उस समय दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमारे सिख भाइयों और बहनों की हर संभव तरीके से रक्षा की। पीएम मोदी ने कहा कि आज नवरात्रि के इन पावन दिनों में दिल्ली भाजपा को अपना नया कार्यालय प्राप्त हुआ है।

दिल्ली में अब भाजपा की सरकार है

पीएम ने कहा कि दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को मेरी हार्दिक बधाई। भाजपा की स्थापना के 45 वर्ष पूरे हो गए हैं। लेकिन जिस बीज से भाजपा इतने विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित हुई है, वह अक्टूबर 1951 में बोया गया था, जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी। आज दिल्ली भाजपा की जो ताकत है, वह पिछले एक दशक में हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और कड़ी मेहनत का परिणाम है। वहीं पीएम ने आगे कहा कि दिल्ली में अब भाजपा की सरकार है। दिल्ली की जनता ने अपने बेहतर भविष्य के सपने और उम्मीदें भाजपा में लगाई हैं।

हर जनप्रतिनिधि की बहुत बड़ी जिम्मेदारी

हालांकि पीएम ने इस दौरान कहा कि इसलिए नए प्रदेश कार्यालय में बैठे हर जनप्रतिनिधि की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। दिल्ली भाजपा, हमारी सरकार, दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जी-जान से जुटी है। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए नए घर बनाना, दिल्ली के सैकड़ों सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को बेहतर बनाना, दिल्ली में सैकड़ों इलेक्ट्रिक बसें चलाना, यमुना नदी की सफाई के लिए दिन-रात काम करना, यमुना नदी के किनारे और शहर के अन्य हिस्सों में आलीशान रहने की जगहें बनाना, जब दिल्ली भाजपा सरकार और दिल्ली भाजपा कार्यालय इसी तरह कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे, तो हम एक विकसित भारत और एक विकसित दिल्ली के सपने को और तेजी से पूरा कर पाएंगे।

हम विकास और विरासत के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे

वहीं पीएम ने इस दौरान कहा कि भाजपा-एनडीए सरकारों ने देश को सुशासन का एक नया मॉडल दिया है। हम विकास और विरासत के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने देश और देशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हमने देश को बड़े-बड़े घोटालों से मुक्त कराया है। हमारी सरकारों का ध्यान डिलीवरी पर है, साथ ही आम आदमी की बचत बढ़ाने पर भी। 

Tags:    

Similar News