अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी फिर फेल नहीं हुई तो आज रात दिल्ली में हो सकती है बारिश

शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम-रात के समय गरज, बिजली के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की उम्मीद है।;

Update: 2025-06-27 08:32 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली में मानसून के प्रवेश और बारिश की भविष्यवाणी लगातार फेल हो रही है। तीन दिनों पहले मौसम विभाग ने दिल्ली में मानसून के प्रवेश का ऐलान कर दिया था लेकिन मानसून ने धोखा दे दिया। या फिर यह कहे कि मौसम विभाग का अनुमान फेल हो गया। बृहस्पतिवार को भी मौसम विभाग ने दिल्ली में मानसून आने की घोषणा की थी लेकिन यह पूर्वानुमान भी झूठा निकला। वहीं दिल्ली के लोगों में यह रट लगी है कि दिल्ली में कब बदरा बरसेंगे। फिलहाल ताजा खबर यह है कि मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली ने शुक्रवार की शाम या रात को बारिश की संभावना जताई है। अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी को सच मानें तो अगले चार-पांच दिनों तक बारिश होगी और तापमान भी गिरेगा।

पूरे सप्ताह दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना

केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम-रात के समय गरज, बिजली के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। केंद्र के मुताबिक, पूरे सप्ताह दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना है। दो जुलाई तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान दक्षिण पूर्व व दक्षिण-पश्चिमी दिशा से हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

Tags:    

Similar News