'अस्सी' की रफ्तार रुकी! तापसी ने फैंस से लगाई गुहार, बोली- प्लीज देखें जरूर
मुंबई। तापसी पन्नू और निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म 'अस्सी' बॉक्स ऑफिस पर काफी संघर्ष कर रही है। फिल्म के पहले हफ्ते का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कम रहा है, जिसके बाद तापसी पन्नू ने दर्शकों से एक भावुक अपील की है। तापसी पन्नू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दर्शकों से फिल्म देखने की विनती की है।
तापसी ने स्वीकार किया कि फिल्म का विषय (यौन शोषण और न्याय की लड़ाई) दर्शकों को असहज और विचलित कर सकता है, लेकिन यह समाज का एक कड़वा सच है।
उन्होंने कहा कि फिल्म उन खबरों को दिखाती है जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। यह विचलित करेगी, मगर इसे देखना जरूरी है। उन्होंने दर्शकों से कहा कि फिल्म जैसी भी लगे, उसके बारे में लिखें जरूर, ताकि इस विषय पर चर्चा बनी रहे।
फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में भारत में लगभग ₹6.89 करोड़ से ₹7.33 करोड़ (नेट) का कारोबार किया है। फिल्म का कुल वैश्विक कलेक्शन करीब ₹11.12 करोड़ रहा है।
फिल्म की शुरुआत ₹1 करोड़ से हुई थी और सप्ताहांत के बाद इसकी कमाई में गिरावट देखी गई, जो अब रोजाना ₹50 लाख से ₹85 लाख के बीच सिमट गई है। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग ₹40 करोड़ बताया जा रहा है, जिसकी तुलना में अब तक केवल 14-17% ही रिकवरी हो पाई है।