भारत-US ट्रेड डील: जयराम रमेश ने कहा- वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश, संसद में विपक्ष का प्रदर्शन
यह नहीं है फादर ऑफ ऑल डील्स...भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर विपक्ष हमलावर
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच नई ट्रेड डील की घोषणा के बाद कांग्रेस ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। भारत-US ट्रेड डील पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने झुकते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि क्या इस समझौते के तहत भारत ने रूस से तेल खरीद बंद करने पर सहमति दे दी है और क्या अमेरिका से बड़े पैमाने पर सामान खरीदने की प्रतिबद्धता ‘मेक इन इंडिया’ नीति के खिलाफ होगी। इसको लेकर संसद में विपक्ष ने प्रर्दशन किया।
ट्रंप देते हैं जानकारी
जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत की जानकारी भारतीय पक्ष की ओर से नहीं, बल्कि भारत में अमेरिका के राजदूत की ओर से दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अब एक रूटीन बनता जा रहा है कि भारत को अपनी ही सरकार के फैसलों की जानकारी ट्रम्प या उनके प्रतिनिधियों से मिलती है। रमेश ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के सामने दबाव में नजर आते हैं और पहले की तरह सार्वजनिक रूप से सहज दिखाई नहीं देते। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ नहीं हो सकती। कांग्रेस ने यह भी कहा कि सीजफायर की तरह इस ट्रेड डील की घोषणा भी पहले ट्रंप की ओर से की गई, जबकि भारतीय सरकार की ओर से स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया। उन्होंने किसानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है।
व्यापार समझौते पर पूरा विवरण साझा किया जाए
कांग्रेस ने कहा कि बयान में कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोलने की भी बात कही गई है। आखिर यह समझौता क्या है? हमारे किसानों की सुरक्षा और हितों को कैसे सुनिश्चित किया गया है? यह भी कहा गया है कि मोदी सरकार रूस से तेल नहीं खरीदेगी, बल्कि अमेरिका और वेनेजुएला से खरीदेगी। क्या मोदी सरकार इस शर्त पर सहमत हो गई है? इसके अलावा, अमेरिका से अधिक सामान खरीदने की बात हो रही है। यदि ऐसा है तो 'मेक इन इंडिया' का क्या हुआ? भारत को व्यापार समझौते का विवरण जानने का अधिकार है। मोदी सरकार को संसद और पूरे देश को विश्वास में लेकर सभी विवरण साझा करने चाहिए।'
ट्रंप ने किया दावा
दरअसल ट्रंप ने अपने पोस्ट में दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीद बंद करने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि भारत अब अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा और जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला से भी तेल आयात कर सकता है।