सोशल मीडिया पर छाई 'किशन' की सुनामी, पाक को धोने के बाद सहबाग बोले- फुल कंबल कुटाई...

Update: 2026-02-16 08:00 GMT

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 77 रनों (40 गेंद) की तूफानी पारी खेलकर ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार वापसी की है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में किशन की पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोशल मीडिया पर ईशान किशन का नाम टॉप ट्रेंड में रहा और फैंस उनके कमबैक को "शानदार" बता रहे हैं।

ईशान किशन का 'कोहराम'

भारत की शुरुआत खराब रही थी और अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए थे, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। ईशान ने मात्र 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने केवल 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो भारत-पाक टी20 मुकाबलों के इतिहास के सबसे तेज अर्धशतकों में से एक है।

नया रिकॉर्ड

ईशान ने पावरप्ले में 42 रन बनाए, जो भारत-पाक टी20 मैचों में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा पावरप्ले का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है (उन्होंने शुभमन गिल का 35 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा)। इस मैच में उनको अपने इस प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

 वीरेंद्र सहवाग ने किया पोस्ट

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने 15 फरवरी, 2026 को टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत की 61 रनों की शानदार जीत के बाद अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में एक पोस्ट साझा किया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सहवाग ने ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी की तारीफ की और पाकिस्तान टीम के खेल के तरीके पर तंज कसा। सहवाग ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- ईशान किशन एक असली धुरंधर की तरह खेले। सभी कमजोर टीमों में पाकिस्तान भारत के लिए हराने में सबसे आसान लग रही थी, क्योंकि उनका टी20 खेलने का तरीका 17वीं शताब्दी का है। हमेशा की तरह उनकी अच्छी कुटाई हुई है। फुल कंबल कुटाई।

मजेदार मीम्स

 पाकिस्तान की हार के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। दिल्ली पुलिस ने भी 'X' पर चुटकी लेते हुए लिखा कि "गलत जगह यू-टर्न लोगे तो यूं ही मुंह की खाओगे"।

कमबैक की कहानी

ईशान किशन लगभग दो साल तक भारतीय टीम से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं। मैच के बाद उन्होंने कहा कि टीम से बाहर रहने के दौरान उन्होंने अपने 'ऑफ-साइड' गेम पर काफी मेहनत की थी, जिसका फायदा उन्हें इस मैच में मिला। इस जीत के साथ टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड 8-1 का हो गया है। 

Tags:    

Similar News