हिमाचल में भूस्खलन से भारी तबाही! कई मकान, सड़कें और वाहन चपेट में आए, दो लोगों की मौत
चंडीगढ़-मनाली एनएच पर 4 मील, 9 मील, दवाड़ा, झलोगी और अन्य स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ;
मंडी। हिमाचल के मंडी में भूस्खलन से कई मकान, सड़कें और वाहन चपेट में आए। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस और सेना की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। भूस्खलन होने से कई मार्ग बाधित हो गए। जिससे वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हिमाचल में हो रही बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। स्थानीय लोग भी पुलिस और बचाव टीम की मदद कर रहे हैं।
मंडी से जोगिंद्रनगर जाने वाली सड़क बंद
हिमाचल प्रदेश के मंडी इलाके में भूस्खलन की चपेट में कई मकान, सड़कें और दर्जनों वाहन आ गए हैं। मंडी से जोगिंद्रनगर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है। यह घटना लवांडी ब्रीज़ के पास हुई है। भूस्खलन की वजह से सड़कों का हाल बेहाल है। वहीं दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त और मलबे में दबे हैं। पुलिस नियंत्रण कक्ष, मंडी से मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-154 (मंडी से जोगिंद्रनगर मार्ग) पर लवांडी ब्रीज के पास भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।
भूस्खलन से गाड़ियों के दबने की भी सूचना
मिली जानकारी के मुताबिक, धर्मपुर लोनिवि मंडल कार्यालय व अधीक्षण अभियंता कार्यालय के ऊपर भारी भूस्खलन से गाड़ियों के दबने की भी सूचना है। मलबे में फंसे लोगों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाले हैं। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-21 (मंडी से कुल्लू मार्ग) 4 मील, 9 मील (नज़दीक पंडोह) एवं डवाड़ा (नजदीक औट) के पास भूस्खलन के कारण मार्ग वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। एनएचएआई के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण मार्ग को बहाल करने में कठिनाई आ रही है। वर्षा बंद होने के बाद ही मार्ग को खोल दिया जायेगा।
बादल फटने का नतीजा हो सकता है
नगर आयुक्त मंडी रोहित राठौर ने कहा कि मंडी में भारी बारिश के कारण ऊपरी इलाकों का मलबा निचले इलाकों में जमा हो गया। यह बादल फटने का नतीजा हो सकता है। सभी अधिकारी फिलहाल राहत कार्य में जुटे हैं। हमें जेल रोड के पास हुए नुकसान की सूचना मिली है। मंडी में भारी बारिश के कारण दोनों प्रमुख नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे बीती रात से बंद पड़ा है। चंडीगढ़-मनाली एनएच पर 4 मील, 9 मील, दवाड़ा, झलोगी और अन्य स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ है। इसी तरह से पठानकोट मंडी पर भी पत्थर से लेकर मंडी तक अनेकों स्थानों पर भूस्खलन हुआ है।