अब 24 घंटे में पहुंचेगा आपका कुरियर, डाक विभाग की '24 स्पीड पोस्ट' सर्विस सेवा कल से होगी शुरू, इन 6 शहरों में लागू
इस सर्विस की सबसे खास बात यह है कि यदि आपका कुरियर समय पर नहीं पहुंचाया जाता है अथवा किसी भी वजह से देर होती है तो आपको सर्विस के लिए वसूला गया पैसा भी वापस कर दिया जाएगा
नई दिल्ली। अब पोस्ट ऑफिस से भेजे गए आवश्यक पार्सल का इंतजार लंबे समय तक नहीं करना होगा। दरअसल सरकार एक नई फास्ट डिलीवरी सेवा शुरू करने जा रही है। जिसके तहत अब आपका पार्सल मात्र 24 घंटे में आपके पास पहुंच जाएगा। इस नई सुविधा से विशेष रुप से उन लोगों को फायदा होगा जिनको अहम दस्तावेज अथवा सामान तुरंत भेजना होता है।
कल यानी 17 मार्च से शुरू होगी नई सेवा
डाक विभाग की तरफ से कल यानी 17 मार्च को नई ’24 स्पीड पोस्ट’ सेवा लॉन्च की जा रही है। जानकारी के मुताबितक, इस सेवा की शुरुआत केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी करेंगे। कार्यक्रम नई दिल्ली के आकाशवाणी भवन स्थित रंगभवन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इस मौके पर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
लोगों को मिलेगा फायदा
नई सेवा के तहत भेजे गए पार्सल को अगले दिन यानी 24 घंटे के अंदर डिलीवर करने का लक्ष्य तय किया गया है। शुरुआत में यह सुविधा देश के छह बड़े शहरों में उपलब्ध होगी। फिलहाल इन्हीं शहरों के लोगों को इसका फायदा मिल सकेगा। जिनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के नाम शामिल हैं। इस नई व्यवस्था में केवल 24 घंटे वाली सेवा ही नहीं, बल्कि 48 घंटे में डिलीवरी का विकल्प भी मिलेगा। इसके तहत पार्सल को प्राथमिकता दी जाएगी और हवाई मार्ग से भेजा जाएगा।
पार्सल समय पर नहीं पहुंचा तो वापस मिलेगा पैसा
इस सर्विस की सबसे खास बात यह है कि यदि आपका कुरियर समय पर नहीं पहुंचाया जाता है अथवा किसी भी वजह से देर होती है तो आपको सर्विस के लिए वसूला गया पैसा भी वापस कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, डाक विभाग द्वारा इस सर्विस के साथ आपको देर होने की स्थिति में मनी-बैक गारंटी भी दी जाएगी।