टीओआई नेशनल सीएसआर समिट 2026 में राष्ट्रीय नेतृत्व का सम्मान! दिलीप धनराज गुप्ता “डिस्टिंग्विश्ड पब्लिक लीडरशिप अवॉर्ड” से अलंकृत

Update: 2026-02-23 12:17 GMT

मंदसौर। देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र द टाइम्स ऑफ इंडिया और टाइम्स फाउंडेशन द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित टीओआई नेशनल सीएसआर समिट 2026 में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नेतृत्वकर्ताओं को गत 21 फरवरी 2026 शनिवार को सम्मानित किया गया। जिसमे मध्य प्रदेश के युवा समाजसेवी दिलीप धनराज गुप्ता को “डिस्टिंग्विश्ड पब्लिक लीडरशिप अवॉर्ड-गवर्नेंस एंड इनक्लूसिव नेशनल डेवलपमेंट” के अंतर्गत पुरस्कृत किया गया।


सहभागियों ने विभिन्न सत्रों में शिरकत की

समारोह की अध्यक्षता भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया, पूर्व राज्यसभा सांसद विनय सहस्त्रबुद्धे सहित सांसद, न्यायपालिका के पूर्व वरिष्ठ सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, नीति विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और CSR क्षेत्र के प्रमुख सहभागियों ने विभिन्न सत्रों में शिरकत की।

कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों को किया सम्मानित

समारोह में डिस्टिंग्विश्ड पब्लिक लीडरशिप एवं लाइफटाइम ऑनर्स श्रेणी के अंतर्गत कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख हैं-भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. जी. बालकृष्णन, भारत के पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक श्री विनोद कुमार शुंगलू, सर्वोच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी, प्रधानमंत्री कार्यालय के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा, नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत, राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण, भारत सरकार के सेवानिवृत्त सचिव अतुल चतुर्वेदी, विश्व स्वास्थ्य संगठन क्षेत्रीय सलाहकार डॉ. मनीषा श्रीधरा, वरिष्ठ जननेता अगाथा के. संगमा, समाजसेवी एवं परोपकारी अरुणा गोयनका, एम3एम फाउंडेशन अध्यक्षा डॉ. पायल कनोड़िया सहित नीति, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं सार्वजनिक प्रशासन से जुड़े प्रतिष्ठित नेता शामिल है।

राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है

मंदसौर (मध्य प्रदेश) में जन्मे दिलीप धनराज गुप्ता लंबे समय से ग्रामीण विकास, किसान कल्याण, सहकारिता आंदोलन एवं गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के कार्यों से जुड़े रहे हैं। विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संगठनों में नेतृत्वकारी भूमिकाओं के माध्यम से उन्होंने संगठनात्मक विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण को दिशा दी है।“डिस्टिंग्विश्ड पब्लिक लीडरशिप अवॉर्ड – गवर्नेंस एंड इनक्लूसिव नेशनल डेवलपमेंट” से सम्मान उनके सामाजिक समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।

राष्ट्रीय विकास को सुदृढ़ किया

यह सम्मान फाउंडेशन के लाइफटाइम अचीवमेंट ऑनर्स खंड के अंतर्गत प्रदान किया गया, जो उन नेतृत्वकर्ताओं को दिया जाता है जिनके सतत योगदान ने सार्वजनिक जीवन को दिशा दी है और राष्ट्रीय विकास को सुदृढ़ किया है। चयन प्रक्रिया एक स्वतंत्र सर्च कमेटी द्वारा संपन्न की गई, जिसमें सार्वजनिक सेवा, उद्योग, परोपकार, शिक्षा जगत एवं नागरिक समाज के वरिष्ठ सदस्य शामिल थे। पूरी प्रक्रिया गोपनीय, निष्पक्ष और पारदर्शी रखी गई, ताकि उच्चतम विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। समारोह में देशभर से नीति-निर्माता, CSR कंपनियों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत, सिविल सोसाइटी संगठनों के सदस्य एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News