नेपाल को मिला नया राजा! बालेंद्र शाह आज लेंगे शपथ, हिंदू और बौद्ध परंपराओं का दिखेगा संगम
35 वर्षीय बालेंद्र शाह नेपाल के संसदीय इतिहास के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे। वह पेशे से एक स्ट्रक्चरल इंजीनियर और मशहूर रैपर रहे हैं।
नई दिल्ली। नेपाल में आज ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह 'बालेन' देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। बालेंद्र शाह ने पांच मार्च के संसदीय चुनावों में शानदार जीत हासिल की और प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों में से 182 सीटें जीतीं।
हिंदू और बौद्ध परंपराओं का संगम दिखेगा
शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू और बौद्ध परंपराओं का संगम दिखेगा, जिसमें 108 बटुक स्वस्तिक वाचन करेंगे और 107 बौद्ध लामा आशीर्वाद देंगे।बता दें कि यह पूरा शपथग्रहण राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के समक्ष हिंदू रीति-रिवाज के तहत आयोजित होगा।
ऐतिहासिक जीत हासिल कर बने प्रधानमंत्री
पार्टी के विधान अनुसार, केवल संसदीय दल का नेता ही प्रधानमंत्री बन सकता है। 28 दिसंबर 2022 को आरएसपी अध्यक्ष रबी लामिछाने और शाह के बीच हुई सहमति के अनुसार, पार्टी ने अपने 182 विधायकों के समर्थन के साथ शाह को प्रधानमंत्री पद के लिए औपचारिक रूप से अनुमोदित किया। चुनावों में शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को 49,614 वोटों के बड़े अंतर से हराया। बालेंद्र शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को 18,734 वोट मिले। यह 1991 के बाद से नेपाल के संसदीय चुनावों में किसी भी उम्मीदवार की ओर से प्राप्त सबसे अधिक वोटों की संख्या है।
सबसे युवा प्रधानमंत्री
35 वर्षीय बालेंद्र शाह नेपाल के संसदीय इतिहास के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे। वह पेशे से एक स्ट्रक्चरल इंजीनियर और मशहूर रैपर रहे हैं।