नेपाल में आम चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह, 275 सीटों पर चुनाव हो रहा
आम चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन मतदान केंद्र में तैनात है
नई दिल्ली। नेपाल में आम चुनाव को लेकर वोट डाले जा रहे हैं। 275 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। बड़ी संख्या में मतदाता वोट डालने के लिए निकल रहे हैं। सुबह से नेपाल के अलग-अलग इलाकों में पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की भीड़ लगी हुई है। चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन की टीम तैनात है। साल 2025 में जैन जी के विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल की तत्कालीन केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी।
मतदाताओं की लंबी कतारें
अलग-अलग बूथों पर युवाओं के साथ महिलाएं भी वोट डालने के लिए निकली हुई हैं। नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने काठमांडो के धापासी मतदान केंद्र पर मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि मेरा कर्तव्य पूरा हो गया। साथ लोगों से भी मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। महाराजगंज के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस दौरान एक मतदाता ने कहा कि जो भी सत्ता में आएगा, वह अच्छा होगा और देश का विकास करेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने अपना वोट डाला
कार्यवाहक मुख्य आयुक्त और पूर्व पीएम ने मतदान किया
चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने काठमांडो महानगरपालिका के वार्ड नंबर 29 के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भी अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने चुनावों पर खुशी व्यक्त की। नेपाल के प्रमुख शहरों और शहरी केंद्रो में रहने वाले लाखों लोग अपने वोट डालने और रिश्तेदारों और पड़ोसियों से मिलने के लिए अपने पैतृक गांवों में वापस चले गए हैं।
लगभग 8 लाख लोग काठमांडो घाटी छोड़ चुके
पुलिस उपाधीक्षक सुनील जंग शाह ने कहा, 'चुनाव के लिए और अधिक लोगों के अपने गृह जिलों में लौटने की उम्मीद है। इतने सारे लोगों को अपने परिवारों के साथ घर लौटते देखना किसी बड़े त्योहार जैसा लगता है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों का इस तरह का बड़े पैमाने पर पलायन आमतौर पर केवल नेपाल के सबसे बड़े त्योहार दशैन के दौरान होता है, जब दस लाख से अधिक लोग घाटी छोड़ देते हैं।