1300 करोड़ का नया घोटाला, अशोक खरात की जालसाजी सुनकर उड़ जाएंगे होश! SIT का खुलासा...
खरात ने नकद लेनदेन के जरिए बड़ा आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया, जिसमें कई ट्रांजेक्शन बिना आधिकारिक रिकॉर्ड के होने की आशंका है।
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक में भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात के मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब नाफेड से जुड़े लगभग 1300 करोड़ रुपये के कथित प्याज घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप के मुताबिक अशोक खरात की श्री व्यंकटेश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी ने इस बड़े घोटाले को अंजाम दिया है।
खरात की कंपनी को नाफेड ने दी थी मंजूरी
जानकारी के मुताबिक, अशोक की श्री व्यंकटेश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के जरिए प्याज की खरीद-बिक्री में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। दरअसल मार्च 2024 में संदिग्ध परिस्थितियों में इस कंपनी को नाफेड (National Agricultural Cooperative Marketing Federation of India Ltd) की मंजूरी दी गई, जबकि 250 से अधिक कंपनियां इस प्रक्रिया में शामिल होना चाहती थीं। इसके बावजूद खरात की कंपनी को प्राथमिकता दी गई। इस चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गलत दस्तावेज दिखाया
दरअसल शुरुआती जांच में पता चला है कि जिन जमीनों को दस्तावेजों में प्याज की खेती के लिए दिखाया गया, वहां वास्तविकता में अंगूर की खेती हो रही थी। इस प्रक्रिया में असली किसानों को धोखा दिया गया और सिर्फ व्यापारियों और दलालों की जेबें भरी गईं। इस पूरे मामले में नाफेड और NCCF के कुछ अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। हालांकि इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
तीन दिनों में बैंक के खातों की जांच की गई
जानकारी के अनुसार, खरात ने नकद लेनदेन के जरिए बड़ा आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया, जिसमें कई ट्रांजेक्शन बिना आधिकारिक रिकॉर्ड के होने की आशंका है। SIT ने महज तीन दिनों में खरात के बैंक खातों की तीन बार जांच की और मोबाइल से अहम डेटा जब्त किया है।