नीतीश कुमार कल सुबह करेंगे राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन फाइल, बेटा संभालेगा 'गद्दी'! अमित शाह होंगे शामिल
पटना। बिहार के सियासत में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जहां पिछले 20 साल से सीएम की कुर्सी पर नीतीश कुमार जमे हैं तो वहीं बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। दरअसल, नीतीश कुमार बिहार की राजनीति छोड़ अब राज्यसभा के मेंबर बनकर केंद्र में सियासत करने वाले हैं।
नीतीश कुमार कल सुबह 11 बजे नॉमिनेशन फाइल करेंगे
बता दें कि आज ये करीब करीब तय हो गया कि नीतीश कुमार कल सुबह 11 बजे राज्यसभा का नॉमिनेशन फाइल करेंगे। उन्होंने इसके लिए सहमति दे दी है और अपने नॉमिनेशन पेपर्स पर साइन कर दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल पटना जाएंगे। खबर है कि अमित शाह नितिन नबीन के नॉमिनेशन के लिए बिहार जा रहे हैं।
अमित शाह भी नॉमिनेशन में शामिल होंगे
हालांकि इस बीच तो खबर यह भी सामने आई है कि अमित शाह भी नीतीश कुमार के नॉमिनेशन में शामिल होंगे। असल में कल राज्यसभा के चुनाव के लिए नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। बिहार की 5 सीटों पर चुनाव होना है। बीजेपी ने तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है लेकिन JDU ने सस्पेंस बना रखा था।
संजय झा दिल्ली से पटना पहुंचे
हालांकि अब ये साफ हो गया है कि JDU की तरफ से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर राज्यसभा का पर्चा भरेंगे। बिहार की राजनीति में पिछले 24 घंटे में जबरदस्त हलचल रही। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा अचानक दिल्ली से पटना पहुंचे। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में JDU के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ लंबी मीटिंग की। इसके बाद ही ये चर्चा शुरू हुई कि नीतीश कुमार खुद राज्यसभा में जा सकते हैं।
निशांत कुमार की भी राजनीति में होगी एंट्री
हालांकि JDU या बीजेपी के किसी नेता ने इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं कहा। नीतीश कुमार ने JDU के सभी विधायकों को पटना बुला लिया। वहीं नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी राजनीति में एंट्री होगी। निशांत कुमार बिहार में नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी होंगे। नीतीश कुमार राज्यसभा में आएंगे और निशांत कुमार बिहार विधान परिषद के मेंबर बनेंगे। हो सकता है निशांत कुमार को बिहार का डिप्टी चीफ मिनिस्टर बनाया जाए।