इंडिया गेट पर अब नहीं मना पाएंगे पिकनिक! सरकार ने कड़े नियम किए लागू, आप के लिए जानना जरूरी
इन कदमों का उद्देश्य इंडिया गेट की सुंदरता और साफ-सफाई को बनाए रखना है। वहीं पहले लोग घास पर चादर बिछाकर घंटों बैठते थे, जिससे घास खराब हो जाती थी।;
नई दिल्ली। इंडिया गेट दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। दिल्ली वाले ही नहीं बल्कि देश विदेश से दिल्ली आने वाले लोगों के लिए फेवरेट पिकनिक स्पॉट इंडिया गेट है। वहीं शाम के समय इंडिया गेट पर काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा होती है। खास करके वीकेंड पर दिल्लीवासी अपने परिवार वालों के साथ समय बिताने जाते हैं। वहीं अब इंडिया गेट पर जाने वाले लोगों के लिए सरकार ने कुछ नियम लागू किया है।
लोग हो जाएंगे काफी निराश
बता दें कि सरकार द्वारा लागू किए गए नए सुरक्षा नियमों के चलते यहां आने वाले पर्यटक अब अपना बैग, चादर, खाने का सामान और पालतू जानवर साथ लेकर अंदर नहीं जा सकते हैं। इन नए नियमों के कारण पूरा परिवार एक साथ इंडिया गेट घूम नहीं पा रहा है। क्योंकि कुछ लोगों को बाहर बैठकर बैग की रखवाली करनी पड़ती है, तो बाकी लोग अंदर घूमते हैं। इस वजह से लोग काफी निराश और असहज महसूस कर रहे हैं।
इंडिया गेट पर वीडियो बनाने पर भी लग सकती है रोक
मिली जानकारी के अनुसार इन कदमों का उद्देश्य इंडिया गेट की सुंदरता और साफ-सफाई को बनाए रखना है। वहीं पहले लोग घास पर चादर बिछाकर घंटों बैठते थे, जिससे घास खराब हो जाती थी। कई पर्यटक पार्क में कचरा फैला देते थे। जिससे इलाके की खूबसूरती प्रभावित होती थी। मिली जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में इंडिया गेट पर वीडियो बनाने पर भी रोक लग सकती है।
इंडिया गेट अब कड़े नियमों के दायरे में है
हालांकि सरकार की ओर से नियम तो बना दिए गए हैं, लेकिन सामान रखने के लिए लॉकर की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में पर्यटकों को जबरन अपने बैग और अन्य सामान की खुद ही देखरेख करनी पड़ेंगे। इंडिया गेट जैसा अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल अब कड़े नियमों के दायरे में है।