ओडिशा क्राइम ब्रांच ने साइबर फ्रॉड के दो मामलों में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि बिट्टू कुमार ने एक व्यक्ति से 6.16 करोड़ रुपये की ठगी की। उसने निवेश और डिजिटल करेंसी एक्सचेंज ट्रेडिंग के नाम पर अधिक मुनाफे का वादा किया था।;
ओडिशा पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने साइबर धोखाधड़ी के दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेशकों से कुल 7.17 करोड़ रुपये की ठगी की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार (41), लुधियाना (पंजाब) निवासी और चापलामडुगु सुधीर कुमार (33), गुंटूर (आंध्र प्रदेश) निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों को उनके गृह जिलों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि बिट्टू कुमार ने एक व्यक्ति से 6.16 करोड़ रुपये की ठगी की। उसने निवेश और डिजिटल करेंसी एक्सचेंज ट्रेडिंग के नाम पर अधिक मुनाफे का वादा किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे लुधियाना की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे कटक लाया गया और जल्द ही उसे एसडीजेएम (उप-विभागीय न्यायिक मजिस्ट्रेट) बेरहामपुर की अदालत में पेश किया जाएगा।
इसी तरह, सुधीर कुमार को गुंटूर से गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने एक अन्य शिकायतकर्ता से 1.01 करोड़ रुपये की ठगी की। उसे कटक लाकर एसडीजेएम, मयूरभंज की अदालत में पेश किया जाएगा।
जब निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने क्राइम ब्रांच की साइबर पुलिस स्टेशन में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।