Assam Chunav 2026: चुनाव से पहले गौरव गोगोई की तीखी प्रतिक्रिया! कहा- हिमंता बिस्वा सरमा 'असम का जिन्ना'
गौरव गोगोई ने आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि भूपेन बोरा के जाने से कांग्रेस की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा
गुवाहाटी। असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा बढ़ गया है। काफी मान-मनौव्वल होने के बाद भी कांग्रेस नेता भूपेन बोरा 22 फरवरी को फाइनली बीजेपी में शामिल होंगे। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बोरा के इस्तीफे पर कहा था कि कोई हिंदू कांग्रेस में नहीं रहना चाहेगा। इस पर असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हिमंता बिस्वा सरमा को असम का जिन्ना करार दिया। गोगोई ने आज यानी बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंता बिस्वा सरमा और भूपेन बोरा पर जमकर हमले किए। उन्होंने बोरा पर पार्टी की मीटिंग की जानकारी लीक करने का आरोप भी लगाया।
अफवाहों पर नहीं किया भरोसा
गौरव गोगोई ने कहा कि हिमंता बिस्वा और भूपेन बोरा के बीच करीबी रिश्तों के बारे में पहले से अफवाहें थीं, लेकिन उन्होंने इस पर कभी भरोसा नहीं किया। वह अक्सर हैरान रहते थे कि पार्टी की सीक्रेट मीटिंग की जानकारी हिमंत बिस्वा सरमा के करीबी पत्रकार को कैसे मिल जाती है। भूपेन बोरा के इस्तीफे से यह सच सामने आ गया है। भूपेन बोरा को बीजेपी में शामिल होने और हिमंता बिस्वा सरमा के सामने सरेंडर करने में कोई दिक्कत नहीं थी।
बीजेपी में लोग अपनी महत्वाकांक्षा पूर्ति के लिए जाते हैं
गौरव गोगोई ने कहा कि लोग बीजेपी में अपनी महत्वाकांक्षा के लिए जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिन में वहां महत्वहीन हो जाते हैं। गोगोई ने कहा कि भूपेन बोरा के साथ भी यही होगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि भूपेन बोरा के जाने से कांग्रेस की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम मजबूती के साथ चुनाव में उतरेंगे।