पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को रक्षा मंत्री राजनाथ ने श्रद्धांजलि दी, कहा -सेना और पुलिस की भूमिका एक जैसी
रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।;
नई दिल्ली। पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को रक्षा मंत्री राजनाथ ने श्रद्धांजलि दी है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि 'अमृत काल' में देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा में संतुलन पहले से अधिक जरूरी हो गया है।
पुलिस स्मृति दिवस मनाया जा रहा है
पुलिस स्मृति दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सेना और पुलिस की भूमिका एक जैसी है।
आज देशभर में शहीद पुलिसकर्मियों को याद करने के लिए पुलिस स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज पुलिस को सिर्फ अपराध से नहीं, बल्कि छवि से भी लड़ना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि हमारी पुलिस न केवल अपनी आधिकारिक जिम्मेदारी निभा रही है, बल्कि नैतिक कर्तव्यों का भी पालन कर रही है। जनता को आज यह भरोसा है कि अगर कुछ गलत होता है, तो पुलिस उनके साथ खड़ी होगी।
चाणक्यपुरी नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (नेशनल पुलिस मेमोरियल), चाणक्यपुरी नई दिल्ली में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलिस और सेना की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चाहे मंच अलग हों लेकिन बात अगर राष्ट्रीय सुरक्षा की हो तो सेना और पुलिस दोनों का मिशन एक ही है, दोनों की भूमिका एक जैसी ही है। उन्होंने कहा कि आज जब भारत 'अमृत काल' में प्रवेश कर चुका है और हम 2047 तक विकसित भारत का सपना देख रहे हैं, तो देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में संतुलन बनाए रखना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है।