बंगाल चुनाव में हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी ओवैसी , AIMIM प्रमुख ने किया ऐलान!
ओवैसी ने इस गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि एआईएमआईएम इस गठबंधन में साझेदार के रूप में करीब 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कोलकता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दरअसल एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान है कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी। ओवैसी ने जानकारी देते हुए कहा कि वह 25 मार्च को कोलकाता में हुमायूं कबीर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। ओवैसी के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
इन सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM
ओवैसी ने इस गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि एआईएमआईएम इस गठबंधन में साझेदार के रूप में करीब 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। एआईएमआईएम की ये 8 सीटें बीरभूम में 3, मुर्शिदाबाद में 3 और मालदा में 2 होंगी।
हुमायूं कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया था
बता दें कि हुमायूं कबीर भारतपुर से विधायक और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हैं। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक नई मस्जिद बनाने के विवादास्पद बयान के बाद तृणमूल ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने दिसंबर 2024 में आम जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया।
182 सीटों पर लड़ेगी आम जनता उन्नयन पार्टी
जानकारी के मुताबिक, आम जनता उन्नयन पार्टी अकेले 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हुमायूं कबीर खुद रेजिनगर और नाओडा दोनों सीटों से चुनाव लड़ेंगे। कबीर ने दावा किया है कि मुसलमान मतदाताओं का 114 विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक प्रभाव है और वे तृणमूल से असंतुष्ट हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उनकी पार्टी सरकार में आई तो पहली बार किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री अथवा उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को होंगे और मतगणना 4 मई को होगी।