यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पीएम मोदी ने दिया आत्मनिर्भर भारत का मंत्र, कहा-ट्रेड शो में हमारा साझेदार रूस
ग्रेनो। ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यह विशाल कार्यक्रम 25 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमताएं वैश्विक मंच पर प्रदर्शित की जाएंगी। इस दौरान पीएम ने कहा कि इंटरनेशनल ट्रेड शो में हमारा साझेदार रूस है।
हमारा मंत्र है- आत्मनिर्भर भारत
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में हो रही अवरोधों और अनिश्चितता के बावजूद भारत का विकास आकर्षक है। अवरोध हमें भटकाते नहीं हैं, लेकिन हम उस परिस्थिति में से नई दिशा खोजते हैं और नए अवसर ढूंढते हैं। इसलिए इन रुकावटों के बीच आज भारत आने वाले दशकों की नींव मजबूत कर रहा है और इसमें हमारा संकल्प है, हमारा मंत्र है- आत्मनिर्भर भारत।
भारत को आत्मनिर्भर बनाना ही होगा
वहीं पीएम ने आगे कहा कि भारत ने ऐसे ओपन प्लेटफॉर्म्स बनाए हैं, जो सबको साथ लेकर चलते हैं- UPI, Aadhaar, DigiLocker, ONDC… ये सबको मौके दे रहे हैं। यानी प्लेटफॉर्म्स फॉर ऑल, प्रोग्रेस फॉर ऑल। आज भारत में इसका असर हर जगह दिखाई देता है। मॉल में शॉपिंग करने वाला भी UPI इस्तेमाल करता है और सड़क पर चाय बेचने वाला भी UPI इस्तेमाल करता है। पीएम ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाना ही होगा। हर वो प्रोडक्ट जो हम भारत में बना सकते हैं, वो हमें भारत में बनाना है।
रूस इस कार्यक्रम के लिए नामित भागीदार देश
पीएम मोदी ने कहा कि आज हम सभी के मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म-जयंती है। दीनदयाल जी ने हमें अंत्योदय की राह दिखाई थी। अंत्योदय यानी जो सबसे आखिर में है, उसका उदय। गरीब से गरीब तक विकास पहुंचे और हर भेदभाव समाप्त हो… यही अंत्योदय है और इसमें ही सामाजिक न्याय की मजबूती निहित है। आज विकास का यही मॉडल भारत, दुनिया को दे रहा है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इस व्यापार शो में 2,200 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल, रूस इस कार्यक्रम के लिए नामित भागीदार देश है, जो हमारी दीर्घकालिक और विश्वसनीय साझेदारी को और मजबूत करता है।